राज्य
30-Apr-2025
...


सीएम बोले- जो कुछ भी संभव होगा, सरकार करेगी, कोई भी गांव नहीं रहेगा प्यासा इंदौर(ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को अक्षय तृतीया पर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विभिन्न जिलों में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलनों में शामिल हुए। इसके बाद वे महू के जानापाव पहुंचे। जानापाव में सीएम ने कहा कि परशुराम धाम को विकसित किया जाएगा। यहां के लोग जैसा चाहेंगे, वैसे से ही होगा विकास कार्य। उन्होंने आगे कहा कि परशुराम की जन्मस्थली के लिए जो कुछ भी संभव होगा, सरकार अवश्य करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जानापाव का धार्मिक कारणों से विशेष महत्व है। यह सात नदियों का उद्गम स्थल है। धनुष के माध्यम से शक्ति का परिचय भगवान परशुराम से जुड़ता है। हम सब जानते है कि सीता स्वयंवर के समय धुनष टूटने पर परशुराम ने क्रोध भी किया, लक्ष्मण को सावधान भी किया, लेकिन भगवान राम पर प्रेम भी लुटाया। उन्होंने अन्याय और अर्धम के खिलाफ हमेशा लड़ाई की। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति की धरा को हमने सरकार के साथ जोड़ा है। हमने कहा है कि सरकार चलेगी तो धर्म के मार्ग पर चलेगी। कुछ लोग कहते है कि मुख्यमंत्री धर्म की बात करते है। यदि हमने धर्म की चिंता नहीं कि तो संस्कृति कैसे पल्लवित होगी। हमारी संस्कृति सब के सुख की कामना करती है। जानापाव की पहाड़ी पर प्रकृति मेहरबान है। यहां से देश की बड़ नदियों में से एक चंबल के अलावा छह और नदियां निकलती है। जानापाव को हम और बेहतर विकसित करेंगे,ताकि दुनिया में इसका महत्व बढ़ सके। पूरे राज्य में स्थापित किए जाएंगे गीताभवन मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि पूरे राज्य में गीताभवन स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य का कोई भी गांव प्यासा नहीं रहेगा, हर गांव तक पानी पहुंचाया जाएगा। सीएम ने चंबल नदी का जिक्र करते हुए कहा, चंबल यहां से निकलती है तो महात्मा जैसी लगती है, लेकिन आगे बढ़ते ही इसकी प्रवृत्ति ठांय-ठांय जैसी हो जाती है।