:: पूरी रात भजन-संकीर्तन के बाद सुबह दुग्धाभिषेक, विभिन्न मार्गों से होते हुए परशुराम चौक पर हुआ समापन :: इन्दौर (ईएमएस)। भगवान परशुराम के प्रकटोत्सव एवं परशुराम जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार सुबह परशुराम महासभा म.प्र. के तत्वावधान में ब्रह्मतीर्थ जानापाव से मां रेणुका की दिव्य ज्योति यात्रा प्रारंभ हुई, जो दोपहर को परशुराम चौक राजेन्द्र नगर पर महाआरती के साथ संपन्न हुई। इसके पूर्व मंगलवार रात को राजेन्द्र नगर स्थित परशुराम चौक पर संगीतमय महाआरती का दिव्य आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। आरती के पश्चात सैकड़ों विप्र बंधु अपने-अपने वाहनों से जानापाव के लिए प्रस्थित हुए और वहां पूरी रात भजन संकीर्तन कर जागरण किया। परशुराम महासभा के प्रदेशाध्यक्ष पं. गोविंद शर्मा एवं प्रदेश प्रभारी पं. संजय मिश्रा ने बताया कि आरती में महापौर पं. पुष्यमित्र भार्गव, पं. योगेन्द्र महंत, पूर्व विधायक अश्विन जोशी , पार्षद अभिषेक शर्मा बबलू सहित अनेक विप्र संगठनों के प्रतिनिधि और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। महोत्सव के दूसरे दिन हुई इस आरती में विप्र संगठनों की ओर से कन्नू मिश्रा, लालजी तिवारी, विकास अवस्थी एवं सत्येन्द्र शर्मा सहित विभिन्न संगठनों के बंधु परंपरागत वेशभूषा में शामिल हुए। मातृशक्ति की ओर से पूनम मिश्रा, दीपिका शर्मा, मोनिका दुबे के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई। आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ आरती का समापन हुआ। यहीं से सैकड़ों विप्र बंधु जानापाव के लिए प्रस्थित हुए, जहां पूरी रात भजन-संकीर्तन के साथ रतजगे का आयोजन हुआ और अलसुबह भगवान परशुराम की प्रतिमा के दुग्धाभिषेक के बाद मां रेणुका की ज्योति दर्शन यात्रा प्रारंभ हुई। यह ज्योति यात्रा महू तहसील के जामली, गवली पलासिया, महू शहर, राऊ होते हुए दोपहर को राजेन्द्र नगर स्थित परशुराम चौक पर महाआरती के साथ संपन्न हुई। संध्या को महासभा के सभी सदस्य बड़ा गणपति से निकलने वाली यात्रा में भी शामिल हुए। उमेश/पीएम/30 अप्रैल 2025 संलग्न चित्र –