03-May-2025
...


इंगलवुड,(ईएमएस)। अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया के एक कॉलेज में अचानक फायरिंग होने लगी। गोली 2 महिलाओं को लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक ही हालत काफी गंभीर है। इंगलवुड के मेयर के मुताबिक यह घटना शुक्रवार शाम की है। स्पार्टन कॉलेज ऑफ एयरोनॉटिक्स एंड टेक्नोलॉजी परिसर में अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। घटना में 2 महिलाओं को गोली लगी। गोलीबारी किसने चलाई? इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। प्रशासन को यकीन नहीं हो रहा है कि आरोपी कॉलेज में ही कहीं छिपा है। पुलिस ने कॉलेज के सभी कमरों की जांच की। लेकिन अभी तक आरोपी का पता नहीं चला है। बता दें यह फायरिंग कॉलेज के ऑफिस में हुई। ऐसे में पुलिस को शक है कि इसके पीछे किसी कर्मचारी का हाथ हो सकता है। यह कार्यस्थल पर हिंसा की घटना है। घायल महिलाएं भी कॉलेज की कर्मचारी हैं। ऐसे में मुमकिन है कि किसी पूर्व कर्मचारी ने इस घटना को अंजाम दिया हो। फायर विभाग ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि गोली लगने के कारण दोनों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक महिला की हालत बेहतर है, लेकिन दूसरी की हालत गंभीर है। बता दें स्पार्टन कॉलेज ऑफ एयरोनॉटिक्स एंड टेक्नोलॉजी की पूरे अमेरिका में कई शाखाएं हैं। कॉलेज की इंगलवुड स्थित शाखा में 500 के आसपास बच्चे पढ़ते हैं। कॉलेज की वेबसाइट के मुताबिक यह कॉलेज विमानन रखरखाव प्रौद्योगिकी पर केंद्रित प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रदान करता है। लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट से इस संस्थान की दूरी महज 1.5 किलोमीटर है। सिराज/ईएमएस 03मई25