रांची(ईएमएस)। खलारी कोयलांचल क्षेत्र स्थित केडी नेहरू क्लब परिसर में रविवार को सर्व ब्राह्मण महासभा, खलारी पिपरवार इकाई द्वारा भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस शुभअवसर पर बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग एकत्रित हुए और एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर सर्व ब्राह्मण महासभा के संरक्षक मंडली के सदस्य सतीश कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में भगवान परशुराम को ब्राह्मण समाज का पुरोधा बताया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को अपने संस्कारों पर अडिग रहते हुए समाज कल्याण के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती से हुई।इसके पश्चात उपस्थित सभी सदस्यों ने भगवान परशुराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बच्चों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति ने समारोह को भक्तिमय बना दिया। अमित मिश्रा, प्रिंसी पांडेय, पीहू पांडेय, अर्श मिश्रा, अक्षित मिश्रा, विश्वजीत घोषाल, प्राची पांडेय और दिव्यानी पांडेय सहित अन्य बच्चों ने भगवान परशुराम पर आधारित गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी। पुजारियों को किया गया सम्मानितः कार्यक्रम के दौरान सर्व ब्राह्मण महासभा की ओर से क्षेत्र के सभी मंदिरों में पूजा-अर्चना करने वाले पुजारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, समारोह में शामिल सभी ब्राह्मण परिवारों के बीच भगवान परशुराम की तस्वीर भेंट की गई। बी एन पांडेय ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन पराक्रम और ज्ञान का प्रतीक है। समाज को उनके दिखाए मार्ग पर चलकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। जितेंद्र नाथ पांडेय ने भगवान परशुराम को भगवान विष्णु का अवतार बताते हुए उन्हें सदा पूजनीय बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमोद कुमार तिवारी ने की, जबकि संचालन अवधेश उपाध्याय और दिनेश पांडेय (घंटू) ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विकास दुबे ने किया। समारोह में ये गणमान्य लोग थे मौजूदः इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष नव कुमार बनर्जी, राजीव मिश्रा, एसएन तिवारी, अनिल कुमार कुंवर, निशा कुमारी, मिथिलेश शर्मा, रवि भारद्वाज, सोनू पांडेय, धीरेंद्र शर्मा, बीबी पांडेय, पंकज मिश्रा, रमेश शर्मा, पुष्पा देवी, अभिमन्यु तिवारी सहित सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित थे। समारोह आपसी एकता, सांस्कृतिक गर्व और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर संपन्न हुआ। कर्मवीर सिंह/04मई/25
processing please wait...