राष्ट्रीय
09-May-2025


चंडीगढ़,(ईएमएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच जारी जंग से चंडीगढ़, पंजाब और सीमांत राज्यों में अलर्ट है। पंजाब और राजस्थान बॉर्डर से लगे हरियाणा के सिरसा से अमृतसर-कटरा जाने वाली बस सर्विस बंद कर दी गई है। पंजाब में कई जिलों में संवेदनशील स्थिति बनी हुई है। खासकर पाकिस्तान से लगे 6 जिलों में कई बार हमले की कोशिश हुई है। ऐसे में इन जिलों के लिए भी बस सेवा बंद कर दी गई है। वहीं, चंडीगढ़ के लिए अभी बस सेवा जारी है। वहीं चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडर टैकिंग (सीटीयू) ने भी जम्मू-कटरा जाने वाली अपनी बस बंद कर दी गई है। सीटीयू के एक अधिकारी ने बताया कि रोज सुबह और शाम को चंडीगढ़ से जम्मू और कटरा के लिए बस जाती थी। गुरुवार शाम को जो बस गई थी, सुरक्षा कारणों का हवाला देकर उसे पठानकोट से वापस कर दिया गया, जिसके बाद शुक्रवार सुबह सीटीयू की तरफ से जम्मू-कटरा की तरफ जाने वाली बस बंद कर दी गई। वहीं चंडीगढ़ सहित पंजाब के 7 शहरों पर गुरुवार को पाकिस्तान ने मिसाइल दागी थीं, जिन्हें भारतीय सेना ने ध्वस्त कर दिया था। शुक्रवार सुबह फिर चंडीगढ़ में एक बार फिर सायरन बजने लगे थे। सुबह नौ बजे के करीब चंडीगढ़ के डीसी की तरफ से संदेश दिया गया कि ड्रोन से मिसाइल अटैक किया जा सकता है। एयरपोर्ट की तरफ कोई ड्रोन की मूवमेंट देखी गई, उसके बाद सभी को अलर्ट कर दिया। प्रशासन को एयरफोर्स स्टेशन की तरफ से जानकारी दी गई। अटैक की संभावनाओं के चलते चंडीगढ़ में 9 और 10 मई को प्रशासन की तरफ से सभी शिक्षा संस्थानों को बंद कर दिया गया है, जिसके बाद बड़े पैमाने पर यहां पढ़ने वाले छात्र का अपने घरों को लौटना शुरू हो गया है। वहीं, चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में बड़ी संख्या में जम्मू कश्मीर के स्टूडेंट्स पढ़ते हैं, जम्मू रूट की बस सेवा बंद होने से उन्हें दिक्कत होगी। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ने पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, जालंधर और जम्मू के लिए चलने वाली सभी बसों को रोक दिया है। हिमाचल प्रदेश से इन रूटों पर 20 से 25 के करीब बसें जाती हैं। वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाने वाली बसों को भी बीच रास्ते से वापस बुलाया है। सिराज/ईएमएस 09मई25