पटना, (ईएमएस)। बिहार के 15 अधिकारियों को राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन अधिकारियों पर सेवा इतिहास पोर्टल के अपडेशन कार्य में भाग नहीं लेने का आरोप है। विभाग ने एक सप्ताह के भीतर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है कि उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई क्यों न की जाए। सामान्य प्रशासन विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद इन अधिकारियों ने पोर्टल पर अपनी सेवा से जुड़ी जानकारी अपडेट नहीं की जो कि अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना है। इन अधिकारियों को जारी किया गया है नोटिस- 1) मनोज कुमार, 2) दुष्यंत कुमार, 3) सुधीर कुमार, 4) राकेश कुमार झा, 5) राकेश कुमार, 6) वीरेंद्र कुमार, 7) रेणु कुमारी, 8) आरूप, 9) सूरज कुमार सिन्हा, 10) प्रमोद कुमार, 11) उत्तम कुमार, 12) अखिलेश कुमार सिंह, 13) सुशील कुमार, 14) दीप शिखा और 15) गयन कुमार राम। यदि ये अधिकारी समय पर स्पष्टीकरण नहीं देते हैं या अनुपस्थित रहते हैं, तो उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ की जा सकती है। वहीं बताया गया है कि सभी 15 अधिकारियों को 19 मई को आयोजित अपडेशन कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर सेवा पोर्टल पर अपना डेटा अपडेट करने का निर्देश दिया गया है। राज्य सरकार इस पोर्टल के जरिए बिप्रसे अधिकारियों के सेवा अभिलेखों का ऑनलाइन संधारण कर रही है। संतोष झा- १४ मई/२०२५/ईएमएस