14-May-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का अध्यक्ष बनाया गया। केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में इसकी जानकारी दी गई। यूपीएससी के अध्यक्ष का पद 29 अप्रैल को प्रीति सूदन का कार्यकाल पूरा होने के बाद रिक्त हुआ था। आदेश के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुमार की नियुक्ति को मंजूरी दी। कुमार के सेवा रिकॉर्ड के अनुसार, केरल कैडर के 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी ने 23 अगस्त, 2019 से 31 अक्टूबर, 2022 तक रक्षा सचिव के रूप में काम किया। यूपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति 6 वर्ष की अवधि या 65 वर्ष की आयु तक के लिए की जाती है। कौन हैं अजय कुमार? अजय कुमार 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे 23 अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2022 तक रक्षा सचिव रहे। उन्होंने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बनाने, अग्निवीर योजना, आत्मनिर्भर भारत जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं में अहम भूमिका निभाई। वे इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय में भी ऊंचे पद पर रहे। वहां उन्होंने यूपीआई, आधार, मायॅगोव और गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस जैसे डिजिटल इंडिया प्रोजेक्ट्स को लागू करने में मदद की। अजय कुमार भारत के सबसे अनुभवी अफसरों में से एक हैं। रक्षा सचिव के तौर पर उन्होंने कई बड़े बदलाव किए। इसमें सीडीएस का निर्माण, अग्निवीर योजना और आत्मनिर्भर भारत अभियान शामिल हैं। उन्होंने ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों को कंपनी बनाने में भी मदद की। अजय कुमार ने बीजेपी, कांग्रेस और लेफ्ट, तीनों सरकारों के साथ काम किया है। उन्होंने केंद्र सरकार और केरल सरकार दोनों में महत्वपूर्ण पद संभाले। अजय कुमार ने यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी और एप्लाइड इकोनॉमिक्स में एमएस किया है। उन्होंने ये दोनों डिग्रियां सिर्फ तीन साल में हासिल कीं। वे आईआईटी कानपुर से बीटेक ग्रेजुएट हैं और इंडियन नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियर्स के फेलो भी हैं। आशीष दुबे / 14 मई 2025