14-May-2025


उमस भरे माहौल से जनजीवन परेशान जबलपुर, (ईएमएस)। मौसम के मिजाज तल्ख बने हुये हैं। बादलों की आमद के बीच बुधवार को पारा 39 डिग्री के पार निकल गया और दिन में भीषण गर्मी और रात को उमस भरी गर्मी का माहौल बना रहा। बुधवार की शाम आसमान बादलों ने ढंक लिया था। बादलों की वजह से गर्मी के साथ-साथ उमस भी बढ़ गई थी। मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान से लेकर उड़ीसा तक बनी द्रोणिका (हवा के कम दबाव की रेखा) के कारण बादल आ रहे हैं और धूल भरी आंधी चल रही है। लो प्रेशर बना है, लेकिन प्रभावी नहीं है। अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर छुटपुट वर्षा हो सकती है| स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान से आये चक्रवात की वजह से पूर्वी और पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे बूंदाबांदी की संभावना बरकरार है बादलों की वजह और हवाओं की रफ्तार कम होने से उमस भरी गर्मी बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकत्तम तापमान 39.01 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया है, वहीं न्यूनतम तापमान 27.01 डिग्री सामान्य दर्ज किया गया है। हवा में नमी प्रात: काल 54 प्रतिशत और सायंकाल 35 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 5.29 पर और सूर्यास्त शाम 6.44 मिनिट पर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक 42.4 डिग्री तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। उत्तर पश्चिमी हवायें 4 से 5 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलीं। गत वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 40.01और न्यूनतम तापमान 26.08 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अगले 24 घंटों के दौरान अनेक स्थानों पर धूल भरी आंधी के बीच बूंदाबांदी हो सकती है| सुनील साहू / मोनिका / 14 मई 2025/ 06.04