नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित किए गए चीनी और तुर्की सरकारी मीडिया संस्थानों के एक्स (पूर्व ट्वीटर) अकाउंट से बैन सिर्फ 5 घंटे में हटा लिया गया है। इनमें चीन के ग्लोबल टाइम्स, शिन्हुआ और तुर्किये के टीआरटी वर्ल्ड शामिल हैं। गौरतलब है कि ये अकाउंट भारत विरोधी प्रचार और सेना के बारे में भ्रामक खबरें फैलाने के चलते ब्लॉक किए गए थे। यह अलग बात है कि महज 5 घंटे में ही इन्हें दोबारा बहाल कर दिया गया। एक्स ने भारत सरकार के निर्देश पर इन अकाउंट्स को ब्लॉक किया था। हालांकि, कुछ ही घंटों में ये प्रतिबंध हटा लिया गया। इस निर्णय पर अभी तक भारत सरकार की ओर से कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं आई है। वहीं दूसरी तरफ भारतीय व्यापारियों ने तुर्किये से आयातित सेब को रोकने का फैसला लिया है। भारतीय फल व्यापारियों ने तुर्किये से सेब आयात नहीं करने का ऐलान किया है। व्यापारियों ने कहा कि तुर्किये, पाकिस्तान को ड्रोन्स भेजता है, और इन्हीं ड्रोन्स का इस्तेमाल भारत पर हमले में हुआ है। इस फैसले के पीछे राष्ट्रीय सुरक्षा और देशभक्ति की भावना जताई जा रही है। हिदायत/ईएमएस 14मई25