राष्ट्रीय
14-May-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच तुर्किए और अजरबैजान के रुख से लोगों में दोनों देशों के लिए नाराजगी है। सोशल मीडिया पर लोग खुलकर लिख रहे हैं तुर्किए और अजरबैजान जाने से परहेज करें। दोनों देशों के बहिष्कार के लिए सोशल मीडिया पर अभियान शुरू हुआ है। ट्रैवल ब्लॉगर और इंफ्लुएंसर्स ने भारतीयों से पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए तुर्किए और अज़रबैजान न जाने की अपील की है।पहलगाम हमले के बाद इन दोनों देशों ने पाकिस्तान का साथ दिया था। तुर्किए ने तो अपने यहां से ड्रोन पाकिस्तान को भेजे, जिनका उपयोग पाकिस्तान ने भारत के नागरिकों के खिलाफ किया। ऑनलाइन ट्रैवल एजेंसियों और टुअर ऑपरेटर भी भारतीयों को इन दोनों देशों में न जाने के लिए सुझाव दे रहे हैं। कुछ पोर्टल पर तुर्किए और अज़रबैजान के लिए बुकिंग करते समय नोटिस आने लगा है कि इन देशों का रुख भारत के लिए सकारात्मक नहीं रहा। सोशल मीडिया पर #BoycottTrukeyAzerbaijan हैशटैग ट्रेंड कर रहा है। लोगों द्वारा दोनों देशों के बहिष्कार का अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा देश भर से फल व्यापारी तुर्किए से सेब आयात बंद करने की मांग कर रहे हैं। मार्बल और ग्रेनाइट का आयात बंद करने की बात भी हो रही है। पिछले कुछ वर्षों से भारतीयों ने सस्ते विकल्प के रूप में इन दोनों देशों में घूमने के लिए जाना शुरू किया था। यहां की हवाई यात्रा और रहना-खाना भारत के कई इलाकों में जाने से भी सस्ता पड़ता है। यहां फिल्मों की शूटिंग और डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन भी बढ़ा है, लेकिन इन देशों के कट्टर रुख़ के बाद अब आम भारतीय वहां जाने से कतराने लगे हैं। सुबोध\१४\०५\२०२५