दंतेवाड़ा(ईएमएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के अंतर्गत दंतेवाड़ा जिले के दूरस्थ ग्राम मुलेर पहुंचे। हेलीकॉप्टर से मुलेर आगमन के बाद उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का औचक निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के फीडबैक लिए। यह दौरा मुख्यमंत्री के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिसके तहत वे मैदानी स्तर पर सुशासन की स्थिति और विकास कार्यों की वास्तविकता का जायजा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाए जा रहे सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री आम जनता से सीधे जुड़कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। इसी दिन राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में राज्य के पहले आदिवासी संग्रहालय (ट्राइबल म्यूजियम) का भव्य लोकार्पण भी मुख्यमंत्री साय द्वारा किया गया। लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस म्यूजियम में आदिवासी संस्कृति, परंपराएं और जीवनशैली को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री ने आदिवासी परंपराओं के अनुरूप मुख्य द्वार पर श्रीफल तोड़कर और पंचतत्व की पूजा कर म्यूजियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, छत्तीसगढ़ के निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी जी के प्रयासों से आदिवासी बहुल इस क्षेत्र को अलग राज्य का दर्जा मिला। अटल जी के कार्यकाल में ही आदिवासी कल्याण मंत्रालय की स्थापना हुई। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा पीएम जनमन योजना और ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाएं शुरू की गई हैं, जो आदिवासियों के समग्र विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं। मुख्यमंत्री ने ट्राइबल म्यूजियम को आदिवासी गौरव और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक बताते हुए इसे नवपीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 मई 2025