पारा 40 के पार, आज से फिर 21 मई तक बादल, वर्षा के आसार जबलपुर, (ईएमएस)। सूरज की तपन से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। सूर्योदय के साथ ही सूर्य की किरणें अपनी आभा बिखेरने लगती हैं। दोपहर में सड़कें सूनी हो जाती हैं। तेज धूप की वजह से देर रात तक तपन का अहसास बरकरार रहता है। पश्चिमी विक्षोप समाप्त होने के बाद बादलों की बसाहट से उमस भरी गर्मी से लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर रखी हैं| सुबह लोग जल्दी उठ जाते हैं और देर रात तक जागते नजर आते हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि एक बार फिर नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है| 17 से 21 मई तक फिर मौसम बदलेगा, गहरे बादलों के बीच हल्की वर्षा हो सकती है| 27 मई के बाद प्री मानसून एक्टिविटी भी प्रारंभ हो सकती है| स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक मौसम शुष्क होने की वजह से पारे में उछाल आ रही है। धूप का असर कुछ ज्यादा ही प्रभावी हो गया है। दिन भर में धरती इतनी तप जाती है कि सूर्यास्त के बाद भी वातावरण गर्म बना रहता है। कूलर, पंखों की हवा भी अब गर्मी से राहत नहीं दे पा रही है। धीरे-धीरे हवा में नमी घट रही है। लिहाजा आने वाले दिनों में तापमान और ऊपर चढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकत्तम तापमान 40.03 डिग्री सेल्यिस सामान्य से 1 डिग्री कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 27.03 डिग्री सेल्सियस सामान्य दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रात: काल 50 प्रतिशत और सायंकाल 37 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 5.28 मिनिट पर और सूर्यास्त शाम 6.45 मिनिट पर हुआ। प्रदेश में सबसे अधिक 43.4 डिग्री तापमान खजुराहो जिले में दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन अधिकत्तम तापमान 39.07 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दक्षिणी पश्चिमी हवायें 5 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत रफ्तार से चलीं। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस वर्ष केरल में जल्द आएगा मानसून............ जबलपुर मौसम विभाग केंद्र ने भोपाल से मिले फोर कास्ट के मुताबिक जानकारी दी है कि आने वालें पांच दिनों 27 से 28 मई के बीच केरल में मानसून दस्तक दे देगा| अभी जबलपुर में दो दिनों से मौसम शुष्क रहने के बाद 21 मई तक हवा में नमी बढ़ेगी और गहरे बादलों के बीच हल्की वर्षा की संभावना है| आमतौर पर केरल में मानसून 1 जून को आता था इस बार 27 मई से मानसून आने की संभावना है| सुनील साहू / मोनिका / 16 मई 2025/ 06.11