राज्य
17-May-2025


पटना, (ईएमएस)। बिहार कैबिनेट ने पंचायत सचिवों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने का अधिकार दे दिया है। यानि इन्हें रजिस्ट्रार बनाया गया है। पंचायत सचिव, संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्र के लिए, रजिस्ट्रार (जन्म और मृत्यु) होंगें। अब जन्म-मृत्यु से संबंधित आवेदनों का निष्पादन ग्राम पंचायत स्तर पर होगी। यह फैसला शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया। इसके अलावा पूर्व उप मुख्यमंत्री-सह-वित्त मंत्री, एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य स्वर्गीय सुशील मोदी, जिनकी जन्मतिथि प्रत्येक वर्ष 05 जनवरी को पटना में राजकीय समारोह के रूप में मनाने जाने के प्रस्ताव पर कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं बिपार्ड के पटना परिसर में प्रस्तावित नये भवन (एटीआई) के निर्माण कार्य के लिए 1,26,05,33,000 रूपये के अनुमोदित प्राक्कलन पर प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। बिहार राज्य उड्डयन प्रशिक्षण संवर्ग भर्ती नियमावल 2025 का भी गठन किया गया है। बिहार राज्य वायुयान संगठन संवर्ग भर्ती नियमावली 2025 का गठन किया गया है। पथ निर्माण विभाग के पथों पर अवस्थित 250 मीटर से अधिक लंबाई के 85 पुलों का इंडिपेन्डेन्ट थर्ड पार्टी ब्रीज सेफ्टी ऑडिट करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली को चयनित किया गया है। परामर्शी शुल्क के रूप में 1661.08571 लाख रूपये व्यय करने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत संकर धान के माध्यम से धान की उत्पादन में वृद्धि के कार्यान्वयन हेतु कुल 45 करोड़ रूपये की निकासी एवं व्यय की स्वीकृति प्रदान की गयी है। संतोष झा- १७ मई/२०२५/ईएमएस