19-May-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के अग्रीपाड़ा इलाके में जमीन विवाद को लेकर भीड़ ने गोलीबारी की। बाद में उन्होंने एक कंपनी के कर्मचारियों पर लाठियों से हमला कर दिया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गोलीबारी के सिलसिले में 41 लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें 20 महिलाएं और 21 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से चार राइफलें, मिर्च स्प्रे और हमले में प्रयुक्त हथियार जब्त किये हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मुंबई की किला कोर्ट ने गिरफ्तार सभी लोगों को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। बताया गया है कि मनी मैग्नम नेस्ट प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों पर जमीन विवाद को लेकर हमला किया गया। इस दौरान भीड़ ने कंपनी के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमलावरों ने राइफलों से फायरिंग की तथा पत्थर और ईंटें फेंकी। हमले में लोहे की छड़ों और लकड़ी के डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। इस हमले में मैग्नम मनी मैग्नम नेस्ट प्राइवेट लिमिटेड का एक कर्मचारी घायल हो गया। अग्रीपाड़ा पुलिस ने इस मामले में फ्रेंको इंडिया फार्मास्युटिकल प्राइवेट लिमिटेड के 41 लोगों को गिरफ्तार किया है। संजय/संतोष झा- १९ मई/२०२५/ईएमएस