क्षेत्रीय
19-May-2025
...


फिरोजाबाद (ईएमएस) क्रीड़ा भारती, महानगर फिरोजाबाद द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, गौशाला परिसर में जिलास्तरीय खेल संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष रीनेश मित्तल व आगरा महानगर के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने माँ भारती एवं हनुमान जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। माल्यार्पण का कार्य डॉ. पर्व मित्तल व क्रीड़ा भारती महानगर अध्यक्ष रोहित राजपूत ने संयुक्त रूप से किया, वहीं मंच पर उपस्थित अतिथियों का स्वागत क्रीड़ा भारती के उपाध्यक्ष राजेश दुबे व कमलकांत यादव द्वारा पीत पट्टिका पहनाकर किया गया। संगोष्ठी में जिले के विभिन्न बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों के पीटीआई, खेल प्रशिक्षक, एसोसिएशन एवं प्राइवेट स्कूलों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी मातृशक्ति का स्वागत अर्चना दुबे, अंजना जसिंह और अंशु सिंह ने किया। सभी पीटीआई अनुदेशकों व संगठनों के पदाधिकारियों का सम्मान प्रांत सदस्य अभिषेक क्रांति द्वारा पीत पट्टिका पहनाकर किया गया। कार्यक्रम का संचालन अनिल परिहार, महानगर मंत्री, क्रीड़ा भारती ने किया। संगोष्ठी में ब्लॉक पीटीआई हौराम सिंह ने जिले में कुश्ती और कबड्डी को बढ़ावा देने पर जोर दिया। वहीं, नारखी के पीटीआई आलोक चौहान ने बालिकाओं को खेल के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष प्रयासों की आवश्यकता बताई। त्रिलोकपुर से जोगेंद्र सिंह ने खो-खो के लिए योजनाबद्ध कार्य करने का सुझाव दिया। खैरगढ़ के धीरज कुमार ने बैडमिंटन की गुणवत्ता सुधारने पर विचार साझा किए, जबकि अरांव के धर्मेंद्र यादव ने हॉकी को जनपद में मजबूत करने की दिशा में प्रेरणा दी। शिकोहाबाद के संजीव यादव ने ब्लॉक स्तर पर नियमित खेल प्रतियोगिताओं की वकालत की। जसराना के कौशलेंद्र ने एथलेटिक्स को बढ़ावा देने की बात कही। जिला व्यायाम शिक्षक चेतेंद्र प्रताप ने सभी खेलों में बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने पर बल दिया। ब्रज प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक क्रांति ने सभी पीटीआई व अनुदेशकों की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। प्रांत अध्यक्ष रीनेश मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि क्रीड़ा भारती एक राष्ट्रीय गैर-राजनीतिक संगठन है, जिसका उद्देश्य स्वदेशी व परंपरागत खेलों को बढ़ावा देकर स्वस्थ, संस्कारयुक्त और चरित्रवान युवा तैयार करना है। कार्यक्रम के अंत में महानगर अध्यक्ष रोहित राजपूत ने सभी अतिथियों, पीटीआई, अनुदेशकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से योग प्रमुख धर्मेंद्र वर्मा, शिवा फाइट क्लब के प्रमुख शिवम शर्मा, अश्वनी कुमार (जीआईसी वसई मोहम्मदपुर), पूनम यादव, साधना यादव, ऋषि कुमार, सचिन सक्सेना, रीनू शर्मा, नरेंद्र उपाध्याय (जिला जूडो संघ) व आशीष मिश्रा आदि उपस्थित रहे।