धनबाद(ईएमएस)।झारखंड में कांग्रेस पार्टी द्वारा संविधान बचाओ और सरना धर्म कोड लागू करो,अभियान के तहत रैली का आयोजन किया गया। यह रैली निरीक्षण भवन, धनबाद में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने हिस्सा लिया। वही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि कर्नाटक में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में यह निर्णय लिया गया था कि देशभर में जय बापू, जय भीम, संविधान बचाओ अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में झारखंड के सभी जिलों में रैली का आयोजित किया जा रही हैं। इसके दूसरे चरण में राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रैली का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि सरना धर्म कोड लागू करने की मांग को लेकर 26 मई को कांग्रेस पार्टी राजभवन का घेराव करेगी। इस मौके पर राज्यपाल के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन दे कर देश में सरना धर्म कोड को लागू करने मांग की जाएगी। वही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान के सिद्धांतों का उल्लंघन कर रही है और इसके खिलाफ कांग्रेस पूरे राज्य में जनजागरूकता अभियान चलाएगी।कांग्रेस पार्टी के इस आंदोलन से झारखंड की राजनीति में सरना धर्म कोड का मुद्दा फिर से गरमा गया है। आगामी दिनों में इस विषय पर राज्यभर में बड़े प्रदर्शन देखने को मिल सकते हैं। कर्मवीर सिंह/19मई/25