जबलपुर, (ईएमएस)। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग विजय नगर जबलपुर के 70 आउटसोर्स कर्मचारियों की बर्खास्तगी के विरोध में जबलपुर कांग्रेस सेवा दल ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय का दौरा किया। यह प्रतिनिधिमंडल शहर कांग्रेस सेवा दल के नगर अध्यक्ष सतीश तिवारी के नेतृत्व में पहुंचा और अधिकारियों से चर्चा कर कर्मचारियों की बहाली की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर यह आग्रह किया कि जिन कर्मचारियों को बगैर किसी पूर्व सूचना या वैकल्पिक व्यवस्था के हटा दिया गया है, उन्हें निर्धारित समयसीमा में पुनः बहाल किया जाए। सेवा दल के नेताओं ने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों और उनके परिवारों के जीवन पर गंभीर असर डाल रहा है। इस दौरान सतीश तिवारी (नगर अध्यक्ष, सेवा दल), शिवकुमार चौबे (ब्लॉक अध्यक्ष), मीनाक्षी स्वामी (महिला सेवा दल नगर अध्यक्ष), जितेंद्र यादव (प्रवक्ता, कांग्रेस सेवा दल), उमेश पटेल, विष्णु विनोदिया, राकेश चक्रवर्ती, रीना विश्वकर्मा, राजकुमार झरिया, सावित्री कश्यप सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौके पर उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की बहाली पर शीघ्र कोई निर्णय नहीं लिया गया, तो संगठन आगे और व्यापक आंदोलन की राह पर जाएगा। सुनील साहू / शहबाज / 19 मई 2025/ 09.00