खेल
24-May-2025


मुम्बई (ईएमएस)। सनराजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए बल्लेबाज ईशान किशन ने आईपीएल में एक नया रिकार्ड बनाया है। ईशान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों के क्लब में शामिल हो गये हैं। आरसीबी के खिलाफ सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में चेन्नई सुपरकिंग्स के महेंद्र सिंह धोनी शीर्ष पर हैं। धोनी ने आरसीबी के खिलाफ अब तक सबसे अधिक 50 छक्के लगाए हैं, जो इस मामले में रिकॉर्ड है। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर 44 छक्कों के साथ दूसरे और दिल्ली कैपिटलस के केएल राहुल 43 छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वहीं आंद्रे रसेल और रोहित शर्मा ने संयुक्त रूप से 38-38 छक्के लगाए हैं। अब इस सूची में ईशान भी शामिल हो गये हैं। ईशान के नाम 32 छक्के हैं। ईशान ने 14 मैच में ही ये आंकड़ा हासिल किया है। इसके साथ ही उन्होंने जोस बटलर और कीरोन पोलार्ड के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। बटलर और कीरोन पोलार्ड ने भी 32-32 छक्के लगाये हैं। ईशान किशन ने कहा कि जब आप पारी की शुरुआत के के लिए पहले बल्लेबाजी करने उतरते हैं तो यह आपकी जिम्मेदारी होती है कि आप रन गति बनाए रखें। जिस क्षण मैंने अभिषेक और हेड को इस तरह से खेल की शुरुआत करते देखा, मुझे लगा कि यह बहुत अच्छा विकेट है और हमें कम से कम 200 रन बनाने होंगे। जब विकेट गिर रहे होते हैं तो आपका रवैया बदल जाता है पर आप लय बनाए रखने की कोशिश करते हैं। इसके लिए आपको कुछ बड़े शॉट खेलने की जरूरत होती है। जब आप अभ्यास सत्र में अच्छी बल्लेबाजी करते हैं तो इससे भी आपका मनोबल बढ़ा हुआ रहता है। ईशान ने कहा कि मैं सिर्फ अच्छे शॉट खेलने के बारे में सोच रहा था। ईशान इस मैच में 94 रन बनाकर आउट हुए। गिरजा/ईएमएस 24 मई 2025