-पीएम मोदी ने मन की बात के 122वें एपिसोड में किया ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र नई दिल्ली,(ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 122वें एपिसोड के ज़रिए देशवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को बदलते भारत की तस्वीर बताया। पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट खड़ा है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सेना के शौर्य ने हर हिंदुस्तानी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। यह सिर्फ एक सैन्य ऑपरेशन नहीं, बल्कि हमारे साहस, संकल्प और आत्मनिर्भर भारत की शक्ति का प्रतीक है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि हमारे जवानों ने आतंक के अड्डों को तबाह किया। यह उनका अदम्य साहस था और इसमें शामिल थी भारत में बने हथियारों, उपकरणों और टेक्नोलॉजी की ताकत। उसमें आत्मनिर्भर भारत का संकल्प भी था। इस अभियान के बाद पूरे देश में वोकल फॉर लोकल को लेकर नई ऊर्जा नजर आ रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्वदेशी हथियारों और तकनीक का जबरदस्त प्रदर्शन हुआ, जिसने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत किया। देशभर में इस अभियान को लेकर जनमानस में जोश देखने को मिला है तिरंगा यात्राओं से लेकर बच्चों की पेटिंग्स और कविता लेखन तक हर कोई अपनी तरह से सेना को सलाम कर रहा है। पीएम मोदी ने नक्सलवाद-प्रभावित इलाकों में हो रहे सकारात्मक बदलावों का भी उल्लेख किया। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के काटेझरी गांव का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि पहली बार इस गांव में बस पहुंची है, जिससे माओवादी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। साथ ही दंतेवाड़ा जिले की शिक्षा में हुई प्रगति पर भी पीएम मोदी ने खुशी जाहिर की। गिर के जंगलों में शेरों की आबादी में उल्लेखनीय वृद्धि पर भी पीएम मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में यह संख्या 674 से बढ़कर 891 हो गई है। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों और स्थानीय लोगों की भागीदारी की सराहना की। पीएम मोदी ने ड्रोन दीदी योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब गांवों की महिलाएं ड्रोन ऑपरेटर बनकर खेती में क्रांति ला रही हैं। तेलंगाना की महिलाएं अब 50 एकड़ तक फसलों पर दवा का छिड़काव कर रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नया आत्मविश्वास आया है। 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी ने देशवासियों को इससे जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग जीवन जीने का तरीका बदल सकता है। आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे योगआंध्र अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इस अभियान में 10 लाख लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। पीएम मोदी का यह मासिक कार्यक्रम अब देश-विदेश में लोकप्रियता हासिल कर चुका है। यह 22 भारतीय भाषाओं, 29 बोलियों और 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित होता है। सिराज/ईएमएस 25मई25