इस्लामाबाद (ईएमएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में प्रसिद्ध पत्रकार अब्दुल लतीफ बलूच की शनिवार सुबह माश्के, उनके घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बलूच यकजेहती समिति के अनुसार उन्हें करीब तीन बजे पाकिस्तान समर्थित मिलिशिया ने उनकी पत्नी और बच्चों की मौजूदगी में गोली मार दी। बलूच को युद्धग्रस्त प्रांत में मानवाधिकार उल्लंघन और प्रतिरोध पर उनकी निडर रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया था। उनके काम ने उत्पीड़ितों को आवाज दी और पाकिस्तानी सैन्य अभियानों के तहत बलूच समुदायों की पीड़ा को दर्ज किया। बलूच यकजेहती समिति ने उल्लेख किया कि कुछ महीने पहले ही अब्दुल लतीफ के बेटे सैफ बलूच को परिवार के सात अन्य सदस्यों के साथ जबरन गायब कर दिया गया था और बाद में वे मृत पाए गए थे। समिति ने कहा, यह केवल एक परिवार के लिए त्रासदी नहीं है, यह एक लोगों को चुप कराने के लिए किया गया आतंकी कृत्य है। हम संयुक्त राष्ट्र, अंतर्राष्ट्रीय मीडिया और प्रेस स्वतंत्रता संगठनों से अपनी चुप्पी तोड़ने और मानवता के खिलाफ इन अपराधों का सामना करने का आह्वान करते हैं। बलूच महिला फोरम की आयोजक शैली बलूच ने पोस्ट किया, अवारन जिले के मश्के में पत्रकार लतीफ की जघन्य हत्या बलूचिस्तान में चल रहे मानवाधिकारों के हनन को स्पष्ट रूप से उजागर करती है, जिसके लिए तत्काल जवाबदेही और पारदर्शिता की आवश्यकता है। शैली बलूच ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को मानवाधिकारों की स्थिति की गंभीरता को स्वीकार करना चाहिए और राज्य पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए दबाव डालना चाहिए। आशीष दुबे / 26 मई 2025