राष्ट्रीय
29-May-2025


-मानव तस्कर महिला सुमित्रा गिरफ्तार, साथियों की तलाश जारी कौशांबी,(ईएमएस)। मानव तस्करों की नापाक साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने अपहृत किशोरियों को बरामद किया है। पुणे ले जाने के बाद किशोरियों को सऊदी अरब भेजा जाना था। पुलिस ने आरोपी महिला सुमित्रा देवी को पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक कोखराज कोतवाली इलाके की चाकवन बाजार आई किशोरी सहेली के साथ 21 मई की शाम संदिग्ध दशा में लापता हो गई। बेटियों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए और खोजबीन में जुट गए। दूसरे दिन पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की तो लड़कियों की लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे में मिली। इसके बाद पीड़ित परिजन को लेकर पुलिस कोखराज पहुंची। पुलिस ने अपहृत किशोरियों को वहां से सकुशल बरामद किया। मंगलवार देर रात पुलिस ने मानव तस्कर महिला सुमित्रा देवी को धर दबोचा। किशोरी के पिता का आरोप है कि सुमित्रा देवी अपने गैंग के धीरज यादव और शिवा के साथ मिलकर उसकी बेटी और सहेली को बहला फुसलाकर पुणे ले गए और वहां उन्हें बेच दिया। सुमित्रा देवी ने बताया कि इन लड़कियों को सऊदी अरब भेजा जाना था, जहां पर इनको बेचना था। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने बरामद किशोरियों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी सुमित्रा देवी, धीरज और शिवा के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपित धीरज और शिवा की तलाश शुरू कर दी है। सिराज/ईएमएस 29मई25