29-May-2025
...


बालोद(ईएमएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा राजस्व विभाग की लापरवाही पर सख्त चेतावनी देने के बावजूद बालोद जिले के गुंडरदेही तहसील रजिस्ट्री कार्यालय में एक गंभीर घटना सामने आई है। ग्राम भुसरेंगा (बेलौदी) के किसान रामकुमार (लगभग 50 वर्ष) ने अपनी पत्नी की जमीन के दस्तावेजों में त्रुटि सुधार न होने से तंग आकर कार्यालय में जहर सेवन करने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, किसान रामकुमार कई दिनों से अपनी पत्नी की जमीन के कागजात में पाई गई गलती सुधारने के लिए रजिस्ट्री कार्यालय का दौरा कर रहा था, लेकिन बार-बार निवेदन के बावजूद भी त्रुटि दूर नहीं की गई। आज जब उसे फिर से टालमटोल का सामना करना पड़ा, तो उसने कार्यालय में ही जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। इस दौरान जहर उसकी आंख में चला गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। तत्काल उसे गुंडरदेही अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही गुंडरदेही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ में सुशासन तिहार की समीक्षा बैठक में राजस्व अभिलेखों में हुई त्रुटि के लिए संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को जिम्मेदार ठहराने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा था कि भूमि और अन्य दस्तावेजों में त्रुटि की वजह से जनता का प्रशासन पर भरोसा टूटना कतई स्वीकार्य नहीं है, इसलिए राजस्व प्रणाली को जवाबदेह और जवाबदार बनाया जाना चाहिए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)29 मई 2025