30-May-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने आरटीएस और आईएनओडी के विभिन्न डिजिटल परिवर्तनों को लागू करके नागरिक सेवाओं को गति दी है। एमएमआरडीए ने ऑनलाइन सेवा हक पोर्टल (आरटीएस पोर्टल) लॉन्च किया है। यह पारदर्शी और नागरिक केंद्रित प्रशासन की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मुंबई महानगर क्षेत्र के नागरिकों को 15 महत्वपूर्ण नागरिक सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे अब सभी सरकारी सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी। इस पोर्टल से सरकारी दफ्तर में व्यक्तिगत रूप से जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री व एमएमआरडीए के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे के दूरदर्शी नेतृत्व और महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी की पहल पर यह पोर्टल मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में सेवा वितरण में एक परिवर्तनकारी बदलाव की शुरुआत है। यह पहल पूरी तरह से महाराष्ट्र लोक सेवा अधिकार अधिनियम, 2015 के अनुरूप है और नागरिकों को तेज, पारदर्शी और जवाबदेह सेवाएं प्रदान करने के लिए एमएमआरडीए की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह पोर्टल सरकारी कार्यालयों में जाने की आवश्यकता को कम करेगा और सेवाओं को अधिक सुलभ बनाएगा। आरटीएस पोर्टल नागरिकों को विभिन्न सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने, अपने आवेदनों की स्थिति को लाइव देखने और कहीं से भी और कभी भी तत्काल सूचनाएं प्राप्त करने की सुविधा प्रदान करेगा, यह पोर्टल सरकारी कार्यालयों में कतारों को काफी कम कर देगा। स्वेता/संतोष झा- ३० मई/२०२५/ईएमएस