नई दिल्ली (ईएमएस)। शुभमन गिल के इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनने के बाद अब ऑलराउंडर रविन्द्र जडेजा के मन में भी कप्तान बनने की इच्छा जोर मारने लगी है। जडेजा का कहना है कि वह भी भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी करना चाहते हैं। जडेजा के अनुसार उन्होंने कई कप्तानों के साथ काम किया है इसलिए वह जानते हैं कि कप्तानी कैसे की जाती है। क्या वह भारत के टेस्ट कप्तान बनना चाहते हैं , यह पूछे जाने पर जडेजा ने कहा, हां , बिल्कुल। इतने सालों में मैने अलग अलग कप्तानों के साथ खेला है। मुझे हर कप्तान की शैली के बारे में पता है और यह भी समझता हूं कि खिलाड़ी क्या सोचते हैं और चाहते हैं।’’ जडेजा ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में तीनों प्रारूपों में पदार्पण किया था और आईपीएल में भी उनकी कप्तानी में वह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेले हैं। जडेजा ने कहा ,‘‘हर कप्तान की अपनी शैली होती है। मैने हर प्रारूप में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेला है पर उनकी सोच बिल्कुल आसान है। अगर उन्हें लगता है कि कोई बल्लेबाज एक ही जगह पर शॉट खेल सकता है तो वहां वह फील्डर जरूर लगायेंगे।’’ टेस्ट क्रिकेट से रोहित शर्मा के संन्यास के बाद अश्विन ने जडेजा को कप्तान बनाने का समर्थन किया था। उन्होंने तब कहा था ,‘ हम जडेजा को क्यो भूल जाते हैं। अगर नया कप्तान चाहिये तो मैं कहूंगा कि दो साल के लिए किसी अनुभवी को कमान सौंपने के बाद नये व्यक्ति को बागडोर दी जानी चाहिए।’’ जडेजा ने यह भी कहा कि टेस्ट टीम की बजाय टी20 में कप्तानी अधिक मुश्किल है। उन्होंने कहा ,‘‘ टेस्ट क्रिकेट में आपको गेंदबाज की जरूरत के मुताबिक दो या तीन फील्डर में बदलाव करना होता है, बल्लेबाज के हिसाब से नहीं।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी अलग है। इसमें ज्यादा दिमाग नहीं लगाना पड़ता है।’’ गिरजा/ईएमएस 30 मई 2025