राज्य
31-May-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले 100 दिन पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम में कार्यपुस्तिका जारी की, जिसमें उनके कार्यकाल में अब तक की गई प्रमुख उपलब्धियों और योजनाओं का उल्लेख किया गया है। यहां बताते चलें कि रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा ने 48 सीटें जीतकर सरकार बनाई, जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीटों के साथ विपक्ष में है। इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, कि मेरी सरकार के मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं। हमारा फोकस सिर्फ योजनाएं बनाने में नहीं, बल्कि उन्हें ज़मीन पर उतारने में भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को बहुत समय तक उपेक्षित किया गया। यमुना की सफाई और कूड़े के पहाड़ हटाने की कोई ठोस नीति पहले नहीं बनाई गई थी। हम इन मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रहे हैं। महिला सुरक्षा पर बोलते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना की और कहा कि इसने देश की सभी महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाया है। उन्होंने सशस्त्र बलों की वीरता को नमन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। सीएम रेखा गुप्ता ने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी कहते थे कि उन्हें सत्ता का लालच नहीं, वही लोग कुर्सी से चिपक गए। दिल्ली और देश के लिए आंदोलन शुरू हुआ था, लेकिन बाद में वह सिर्फ सत्ता की भूख बनकर रह गया। हिदायत/ईएमएस 31मई25