हाथ में तिरंगा लहराकर महिलाओं ने प्रधानमंत्री का किया स्वागत भोपाल (ईएमएस) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को यहां जंबूरी मैदान में हो रहे लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल हुए हैं। महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान में सख्त सुरक्षा के बीच विशेष रूप से तैयार की गयी खुली जीप में सवार होकर लोगों के बीच पहुंचे। खुली जीप पर सवार होकर पीएम मोदी ने लोगों का अभिवादन किया, इनमें मुख्य रूप से महिलाएं शामिल थीं। मोदी एयरपोर्ट विशेष हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान पहुंचे। वे हेलीपेड से सभास्थल में प्रवेश के समय खुली जीप में सवार नजर आए। खुली जीप में सवार होने के दौरान मार्ग के दोनों ओर हजारों महिलाएं हाथों में तिरंगा लिए हुए मोदी का स्वागत करती हुईं नजर आयीं। इस दौरान पीएम मोदी भी हाथ जोडक़र और दोनों हाथों को लहराकर सभास्थल पर मौजूद लोगों का अभिवादन किया। पीएम ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में लोकमाता देवी अहिल्याबाई पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस अवसर पर उपस्थित थे। लोकमाता अहिल्या बाई द्वारा सुशासन, महिला स्वावलंबन, धार्मिक स्थलों के उन्नयन के लिए संचालित गतिविधियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही देवी अहिल्या बाई पर केंद्रित पुस्तकें और शोध पत्र भी यहां प्रदर्शित हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हथकरघा-हस्तशिल्प को समर्पित महिलाओं और ड्रोन दीदी से संवाद किया। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए जारी गतिविधियों, ग्रामीण आवास योजना, ग्रामीण पर्यटन, कृषि आदि क्षेत्र में महिलाओं द्वारा की जा रही पहल और ग्रामीण व नगरीय निकायों में महिला प्रतिनिधित्व के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदर्शनी में प्रदेश में अधोसंरचना विकास के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, धार्मिक लोकों के विकास, सहित राज्य की अन्य विकासोन्मुखी नवाचारों का भी अवलोकन किया।