पूर्व मंत्री पैर छूकर मनाते रहे जबलपुर(ईएमएस)। जबलपुर में कांग्रेस ने जय हिंद सभा आयोजित किया। दिग्विजय सिंह ने मंच से दूरी बनाते हुए आमजनों के बीच बैठकर सभा में हिस्सा लिया। पूर्व मंत्री और विधायक लखन घनघोरिया ने उन्हें मंच पर चलने का आग्रह भी किया, लेकिन वह नहीं माने। बता दें ग्वालियर के एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को मंच पर जगह नहीं मिली थी, तब उन्होंने सार्वजनिक रूप से ऐलान किया था कि अब वे किसी भी मंच पर नहीं बैठेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिसका आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं है, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत की गुलामी की थी, आज वही लोग कह रहे हैं कि भारतीय सेना नरेंद्र मोदी के चरणों में समर्पित है। उन्होंने कहा कि एक रहेंगे तभी सुरक्षित रहेंगे। भाजपा नफरत फैलाने की राजनीति करती है। शहादत की कफन पर राजनीति करने वाले देश प्रेमी नहीं हो सकते। विनोद उपाध्याय / 31 मई, 2025