03-Jun-2025
...


-बाढ़ और भूस्खलन 36 की मौत, 5.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित नई दिल्ली,(ईएमएस)। पूरे देश में मौसम बदल रहा है। कहीं बाढ़ तो कभी तेज बारिश हो रही है तो कहीं लोग गर्मी से बेहाल हैं। उत्तर भारत में अभी मानसून नहीं आया है लेकिन बाढ़ जैसी स्थिति बन रही है। बाढ़ के कारण मणिपुर, सिक्किम, असम जैसे राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित है। पीएम मोदी ने बाढ़ से जूझ रहे पूर्वोत्तर के राज्यों को हरसंभव मदद की पेशकश की है। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी ने असम और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से बात कर स्थिति का जायजा लिया। पीएम मोदी ने उन्हें केंद्र की ओर से हरसंभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया है। पूर्वोत्तर में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 36 तक पहुंच गई है, जबकि क्षेत्र के कई राज्यों में 5.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। असम के सीएम ने फोन पर पीएम मोदी के साथ हुई बातचीत में कहा कि असम और आसपास के राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ आ गई है और इसके कारण लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने पीएम मोदी को राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत अभियान से भी अवगत कराया। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने चिंता व्यक्त की और हमारे राहत एवं पुनर्वास प्रयासों के लिए केंद्र सरकार से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक राज्य में बाढ़ और भूस्खलन में अब तक 11 की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा जिलों में 5.35 लाख से ज्यादा आबादी बाढ़ से प्रभावित हैं। सिराज/ईएमएस 03जून25