क्षेत्रीय
04-Jun-2025
...


दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन घायल कुशीनगर (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के कप्तानगंज–पिपराइच मार्ग पर स्थित बरडीहा नहर के समीप बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरवा कोटवा, थाना कप्तानगंज निवासी उपेन्द्र कुमार (35), पुत्र रामदत्त प्रसाद, अपनी बाइक से जगदीशपुर चौराहे से होकर अपने घर लौट रहे थे। उसी समय नौरंगिया, थाना नेबुआ नौरंगिया निवासी शैलेश यादव (45), पुत्र त्रिलोकी यादव एवं सत्तन यादव, पुत्र रामनाथ, एक ही बाइक पर सवार होकर गोरखपुर की ओर जा रहे थे। बरडीहा नहर के समीप दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे उपेन्द्र कुमार और शैलेश यादव को गंभीर चोटें आईं, जबकि सत्तन यादव को हल्की चोटें पहुंचीं। राहगीरों द्वारा घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक गिरजेश कुमार और कांस्टेबल अनिल यादव ने स्थिति का जायजा लिया और घायलों के परिजनों को सूचित किया। उपेन्द्र के परिजन मौके पर पहुंचकर उसे निजी साधन से उपचारp हेतु निजी अस्पताल ले गए। वहीं, शैलेश यादव और सत्तन यादव को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज भिजवाया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घायलों की स्थिति परिजन एवं चिकित्सकीय टीम नजर बनाए हुए है। अजय कुमार त्रिपाठी ईएमएस