राज्य
05-Jun-2025


--पौधरोपण करते सांसद अनूप प्रधान व अन्य जनप्रतिनिधि हाथरस (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस ‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ कार्यक्रम के अंतर्गत सांसद अनूप प्रधान ने जनपद के विधायक गण और जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौध रोपित किये गये। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सासंद अनूप प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि हर साल 5 जून को हम विश्व पर्यावरण दिवस मनाते हैं। यह सिर्फ एक दिन नहीं है, यह एक जिम्मेदारी है। यह दिन हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि हम अपने पर्यावरण के साथ कैसा व्यवहार कर रहे हैं। हम सब जानते हैं कि पेड़ काटे जा रहे हैं, नदियाँ सूख रही हैं, हवा में ज़हर घुल रहा है और पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है। यह सब कुछ हमारे ही कारण हो रहा है। प्रकृति हमसे कुछ नहीं लेती, बल्कि देती ही देती है शुद्ध हवा, मीठा पानी, ठंडी छाँव, जीवन के लिए भोजन। उन्होंने कहा कि सभी लोग एक वृक्ष मां के नाम अवश्य लगायें। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों से कहा कि आप सभी एक वृक्ष घर पर मां के नाम जरूर लगाए। ईएमएस/मोहने/ 05 जून 2025