नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली सरकार ने बकरीद को लेकर एक एडवाइजरी जारी की, जिसमें प्रतिबंधित पशुओं की हत्या पर रोक लगा दी गई है। पशुओं की कुर्बानी गली या मोहल्ले में नहीं दे सकते। इसके अलावा उन्होंने कुर्बानी की फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर डालने से सख्त मना किया है। इन नियमों का उल्लंघन करने वालो पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। बकरीद से पहले दिल्ली सरकार ने सार्वजनिक व्यवस्था और पशु कल्याण को ध्यान में रखकर एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें उन्होंने अवैध बलि और प्रतिबंधित पशुओं की हत्या पर सख्त रोक लगा दी है। एडवाइजरी में कहा गया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों पर सरकार उचित कार्रवाई करेगी। एडवाइजरी में उन्होंने कहा कि बकरीद के दौरान दी जाने वाली कुर्बानी केवल पहले से निर्धारित जगहों पर ही दी जाएगी। गाय, बछड़े और ऊंट आदि जानवरों की कुर्बानी पर सख्त प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। इसके अलावा कुर्बानी की फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करना सख्त मना है। सरकार की तरफ से दी गई एडवाइजरी में कहा कि सोशल मीडिया पर कुर्बानी से जुड़ी कोई भी फोटो या वीडियो शेयर करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। सरकार का मानना है कि इस तरह की पोस्ट डालने से राज्य में सांप्रदायिक तनाव बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ साइबर कानून के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी। मंत्री कपिल मिश्रा ने लोगों से अपील कर कहा कि त्योहार को बड़े ही शांति और सादगी से मनाया जाए। सभी लोग सरकार की तरफ से दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करें। अगर आपको कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता दिख जाए तो इसकी सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन सरकार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/जून/2025