मुंबई, (ईएमएस)। मध्य रेल ने पर्यावरणीय स्थिरता के लिए अपनी पूरी प्रतिबद्धता के साथ विश्व पर्यावरण दिवस को बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर गो ग्रीन अभियान की शुरुआत के साथ शपथ ग्रहण समारोह और वृक्षारोपण अभियान जैसी कई गो ग्रीन पहल की शुरुआत की गई। इस मौके पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्थित हॉल में पर्यावरण शपथ दिलाई गई, जिसमें मध्य रेल के महाप्रबंधक धर्मवीर मीणा, सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों, मुख्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। यह शपथ रेलवे बोर्ड के सदस्य ट्रैक्शन एवं रोलिंग स्टॉक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दिलाई गई। सभा को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक धर्मवीर मीणा ने जीवन चक्र में वृक्षों की अहम भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि ऊँचे पेड़ न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक होते हैं, बल्कि बिजली गिरने की स्थिति में प्राकृतिक सुरक्षा कवच के रूप में भी कार्य करते हैं। उन्होंने बरगद और पीपल जैसे देशी प्रजातियों के पेड़ों की विशेषताओं और उनके अपार पारिस्थितिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। श्री मीणा ने मानवता के लिए वृक्षों द्वारा किए जा रहे मौन और निःस्वार्थ सेवा- जैसे कि ऑक्सीजन, छाया, आवास और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से बचाव पर प्रकाश डाला। उन्होंने रेल कर्मियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक कार्यों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी को अपनाएँ और सतत जीवनशैली को बढ़ावा दें ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति को संरक्षित रखा जा सके। बाद में, धर्मवीर मीणा ने प्रमुख विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक सामूहिक वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व किया, जिसके तहत 100 पौधे रोपे गए। साथ ही आने वाले दिनों में 500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो एक हरित भविष्य की दिशा में मध्य रेल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। श्री मीणा ने प्लास्टिक के पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों पर एक विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में दालों से बनी खाद्य योग्य कटलरी और विभिन्न प्रकार के प्लास्टिक उत्पाद प्रदर्शित किए गए, जिससे आगंतुकों को प्लास्टिक के पर्यावरणीय दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। यह प्रदर्शनी लोगों को प्लास्टिक से दूर रहने और इस वर्ष की वैश्विक थीम - प्लास्टिक प्रदूषण का अंत करें- के अनुरूप जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई। धर्मवीर मीणा ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस परिसर में एक जागरूकता रैली को भी नेतृत्व किया, जिसमें रेलवे स्टाफ, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स तथा सिविल डिफेंस टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण के उन्मूलन की आवश्यकता के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था। इसी प्रकार की एक और रैली छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन पर आयोजित की गई, जिसमें स्टेशन स्टाफ ने भाग लिया और यात्रियों को विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए सतत जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। मध्य रेल द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस के यह कार्यक्रम हमारे ग्रह की रक्षा हेतु साझा जिम्मेदारी की सशक्त याद दिलाता है और यह संकेत देता है कि हर व्यक्ति छोटे-छोटे कदमों से भी एक हरित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में योगदान दे सकता है। संतोष झा- ०६ जून/२०२५/ईएमएस