नारायणपुर(ईएमएस)। भाजपा की केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर संकल्प से सिद्धि अभियान के तहत सोमवार को नारायणपुर जिला भाजपा कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सुभाऊ कश्यप रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 11 वर्षों में अभूतपूर्व विकास किया है, जिसे जन-जन तक पहुंचाने भाजपा कार्यकर्ता अभियान चलाएंगे। डॉ. कश्यप ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार विरासत को सहेजते हुए देश को सशक्त राष्ट्र बना रही है। उन्होंने हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने का उल्लेख कर इसे सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण बताया। उन्होंने बताया कि 9 जून से शुरू हो रहे ‘सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 वर्ष’ अभियान के अंतर्गत डिजिटल प्रतियोगिता, रचनात्मक कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण, योग शिविर और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ जैसे कई आयोजन होंगे। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व योग प्रशिक्षण शिविर भी लगेंगे। डॉ. कश्यप ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ से लेकर मंडल स्तर तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। कार्यशाला को भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने भी संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपसाय सलाम, भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, गौतम गोलछा, जिला महामंत्री संजय नंदी और संदीप झा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 जून 2025