राष्ट्रीय
09-Jun-2025


-शादी समारोह में राज्यपाल, डिप्टी सीएम और मंत्रियों ने दिया जोड़ों को आशीर्वाद पटना,(ईएमएस)। पटना में रविवार को 51 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। घोड़ों पर सवार दूल्हे और सजे-धजे बाराती नाचते-गाते वैवाहिक स्थल पहुंचे, जहां 16 हजार स्क्वायर फुट में भव्य पंडाल बना था। वर-वधू को आशीष देने खास लोग मौजूद थे। विभिन्न प्रकार के फूलों से मंडप सजाए गए थे। रीति रिवाज व वैवाहिक मंत्रों के साथ 51 जोड़ों ने एक-दूजे का जीवन भर साथ निभाने की कसम खाई। मां वैष्णो देवी सेवा समिति की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री श्याम रजक, मंत्री नितिन नवीन समेत अन्य गणमान्य लोगों ने नए जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर राज्यपाल आरिफ ने कहा कि मानव सेवा माधव सेवा है। मां वैष्णो सेवा समिति में व्यवसायी हैं। ये लोग मानव सेवा कार्य में जुड़े हैं। आप सभी ने सामाजिक कार्यों में एक मिसाल पैदा की है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि समिति केवल शादी ही नहीं कराती है बल्कि जीवन रक्षक रक्त भी जरूरतमंदों को मुहैया कराती है। सामूहिक विवाह के लिए सुबह 51 दूल्हों की सामूहिक बारात शहर के महाराणा प्रताप भवन से गाजे-बाजे, घोड़े-ऊंट के साथ निकलकर श्रीकृष्ण मेमोरियल पहुंची। रास्ते में अनेक व्यावसायिक और सामाजिक संस्था ने बारातियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बारात के श्रीकृष्ण मेमोरियल पहुंचने पर सामूहिक सांस्कृतिक पद्धति से रस्म निभाई गई। महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए जोड़ों को आशीष दी। कार्यक्रम के दौरान मंच पर धीरज सोनी टीम के कलाकार गणेश वंदना, मिशन सिंदूर और सामूहिक विवाह पर अपनी प्रस्तुतियों से सभी को आनंदित किया। मंच संचालन कर रहे आरजे विजेता, डा. सुभाष कृष्णा और आरजे शशि ने अपनी दमदार आवाज से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। समारोह के दौरान इंडियन आइडल की रितिका राज, व्यवसायी संजय कुमार और भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को यादगार बनाने भोजपुरी गायक सुनील सुरीला, बलिया से आए भजन गायक डा. हरिनारायण सिंह ने मिथिला नगरिया निहाल सखिया... जनकपुर में मड़वा बड़ी सुहावन लागे.. आदि गीतों के जरिए सभी का ध्यान आकर्षित करते हुए सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। शादी संपन्न होने के बाद नवविवाहितों ने सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया। बता दें सामूहिक विवाह में 51 मंडपों में 51 पंडितों ने रीति रिवाज के साथ शादी कराई। इस दौरान छह दिव्यांग जोड़े भी शादी के बंधन में बंधे। समिति की ओर से नव विवाहित जोड़े को उपहार स्वरूप साइकिल, सिलाई मशीन, बर्तन सेट आदि दिए गए। समारोह के दौरान स्पाइनल कार्ड इंजरी को सरकार के सामने रखा। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि स्पाइनल कार्ड इंजरी पर कार्य कर रहे अनुराग को सम्मान करना बड़ी बात है। इन्होंने चार सौ बच्चों को नया जीवन दिया है। सिराज/ईएमएस 09जून25