मुंबई (ईएमएस)। ऐतिहासिक धारावाहिक चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान में मशहूर अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी ‘राजमाता’ की अहम भूमिका में नजर आ रही हैं। इस शो में वह न केवल पृथ्वीराज की मां हैं, बल्कि उनकी ताकत, प्रेरणा और मार्गदर्शक के रूप में भी दिखाई देंगी। पद्मिनी कोल्हापुरी 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद छोटे पर्दे पर वापसी किया हैं। इस भूमिका को लेकर अभिनेत्री बेहद उत्साहित हैं और इसे अपने करियर का विशेष अनुभव मानती हैं। पद्मिनी ने इस ऐतिहासिक किरदार की तैयारी में काफी मेहनत की। उन्होंने बताया कि भूमिका को सजीव और विश्वसनीय बनाने के लिए उन्होंने ऐतिहासिक किताबों, लोक कथाओं और डॉक्यूमेंट्रीज़ का गहन अध्ययन किया। उन्होंने कहा, राजमाता सिर्फ एक मां नहीं थीं, बल्कि राज्य की आत्मा थीं। उनकी गरिमा, धैर्य और राजनीतिक समझ को पर्दे पर उतारना एक बड़ी जिम्मेदारी थी। पद्मिनी ने हंसते हुए बताया कि उन्होंने पृथ्वीराज और उस युग से जुड़ी इतनी ज्यादा जानकारी खोजी कि अब उनका फोन भी केवल उसी समय की चीजें सुझाता है। उन्होंने कहा कि किरदार की शांत ताकत को दिखाने के लिए उन्होंने हर छोटे-छोटे भाव और व्यवहार का बारीकी से अभ्यास किया। अपनी वापसी को लेकर अभिनेत्री ने कहा कि इस शो का हिस्सा बनना उनके लिए खास है, क्योंकि टेलीविजन पर उनका सफर सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन से ही शुरू हुआ था और अब सालों बाद वे फिर उसी मंच पर लौट रही हैं। उन्होंने बताया कि राजमाता जैसी गहराई और सम्मान से भरपूर भूमिका निभाना एक दुर्लभ अवसर होता है। यह किरदार सिर्फ एक रानी का नहीं बल्कि उन सभी मजबूत महिलाओं का प्रतिनिधित्व करता है, जिन्होंने देश की स्थिरता में चुपचाप योगदान दिया है। अभिनेत्री के अनुसार, राजमाता और पृथ्वीराज का रिश्ता बेहद भावनात्मक और सशक्त है। वह न केवल उनका सहारा हैं, बल्कि हर कदम पर उनकी दिशा तय करने वाली ताकत भी हैं। पद्मिनी को उम्मीद है कि दर्शक इस किरदार से उसी तरह जुड़ेंगे, जैसे वह खुद जुड़ी हुई हैं। सुदामा/ईएमएस 10 जून 2025