नई दिल्ली,(ईएमएस)। लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई को सेना में नई जिम्मेदारी सौंपी है। भारतीय सशस्त्र बलों के सफल अभियान के बाद उन्हें डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद पर पदोन्नत किया है। इस दौरान राजीव घई सैन्य अभियानों के महानिदेशक (डीजीएमओ) के पद पर बने रहेंगे। अधिकारियों ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। राजीव घई उन शीर्ष अधिकारियों में शामिल थे जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद पाकिस्तान के साथ चले संघर्ष के जुड़ी जानकारियां मीडिया को दी थी। घई ने अपने वायु सेना और नौसेना समकक्षों के साथ 11 और 12 मई को मीडिया को ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी दी थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि नई भूमिका में राजीव सैन्य अभियान, खुफिया अभियान, रणनीतिक योजना और इन्फॉर्मेशन वॉर जैसे मामलों की देखरेख करेंगे। इससे पहले पिछले सप्ताह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजीव घई को संघर्ष के दौरान विशिष्ट सेवा के लिए उन्हें उत्तम युद्ध सेवा पदक से भी सम्मानित किया है। इससे पहले भारत ने बताया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच बनी युद्ध जैसी स्थिति के बाद डीजीएमओ घई और उनके पाकिस्तानी समकक्ष मेजर जनरल काशिफ अब्दुल्ला ने हॉटलाइन पर बात की थी, जिसके बाद सीजफायर पर सहमति बनी थी। दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच सीजफायर बनाए रखने के लिए 12 मई को फिर से बात हुई। 11 मई की ब्रीफिंग में घई ने कहा था कि भारतीय सशस्त्र बलों ने काफी संयम बरता है लेकिन भविष्य में देश की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए किसी भी हमले का मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। सिराज/ईएमएस 10जून25