पटना(ईएमएस)। राजधानी पटना के पाटलिपुत्र इलाके के मैनपुरा इलाके में एक बार फिर से खूनी खेल देखने को मिला है। अति व्यस्त माने जाने वाले मैनपुरा इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें दो लोगों को गोली मारी गई। इस घटना में एक व्यक्ति जितेंद्र की मौत हो गई है, जबकि दूसरा शख्स राजा गंभीर रूप से घायल है। पटना पुलिस आशंका जाहिर कर रही है कि यह गोलीबारी आपसी विवाद में हुई है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी जानकारी इकट्ठा कर रही है। पटना में लगातार बढ़ रही अपराध की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा दिए हैं। सोमवार को आलमगंज थाना क्षेत्र के आरफाबाद में मां-बेटी की हत्या और फिर 24 घंटे के अंदर ही पालीगंज जिले में दो लोगों की हत्या के बाद पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के मैनपुरा में दो और लोगों की गोली मार दी गई। यह घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के मैनपुरा इलाके की है। राजधानी पटना में आपराधिक वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। पटना में गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गहन छानबीन शुरू की। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह घटना आपसी विवाद का परिणाम है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है। गोलीबारी में मारे गए युवक का नाम जितेंद्र बताया जा रहा है, जबकि राजा का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/11जून2025