राष्ट्रीय
11-Jun-2025


शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर बुधवार को मौसम साफ रहेगा। यह जानकारी मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने दी है। प्रदेश में तेज धूप रहेगी। अब एक बार फिर प्रदेश के मैदानी इलाके तपने लगे हैं। ऊना का पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। 39 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ मंडी में भी उमस भरी गरमी महसूस की जा रही है। सीजन का सबसे ज्यादा गर्मी रिकॉर्ड बना है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में बुधवार को मौसम साफ रहेगा। ऐसे में मैदानी इलाकों का पारा 2 से 4 डिग्री चढ़ सकता है। 12 जून के बाद मौसम में बदलाव आ सकता है। इस दौरान कई जिलों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। फिर 13 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहुल स्पीति में तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। हालिया दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। हालांकि तेज अंधड़ और ओलावृष्टि ने कई जगह भारी नुकसान पहुंचाते हुए किसान-बागवानों के अच्छी फसल को लेकर सपने तोड़ दिए हैं। बारिश से मौसम में ठंडक से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कुछ ठंडक के बाद अब मौसम फिर गरम हो गया है। खासकर प्रदेश के मैदानी इलाके तपने लगे हैं। वातावरण में उमस रहने से लोग बेहाल हैं। हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून जून के आखिरी सप्ताह तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून सामान्य से चार फीसदी ज्यादा रहने की उम्मीद है। पिछले साल 27 जून को मानसून ने प्रदेश में दस्तक दी थी, लेकिन स्थितियां अनुकूल रहीं, तो इस साल भी करीब इसी समय मानसून की आमद होगी। सिराज/ईएमएस 11जून25