दुर्ग(ईएमएस)। रिसाली नगर निगम में कांग्रेस पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। वार्ड क्रमांक 28 की पार्षद एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की एमआईसी सदस्य डॉ. सीमा साहू ने पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इससे पहले भी निगम के चार कांग्रेस पार्षद असंतोष जताते हुए भाजपा में शामिल हो चुके हैं। डॉ. साहू ने दुर्ग सांसद विजय बघेल के निवास पर भाजपा का दामन थामा। इस मौके पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। पार्टी में शामिल होने के बाद डॉ. साहू ने कहा कि निगम में पार्षदों और एमआईसी सदस्यों के साथ अपेक्षित समन्वय नहीं रखा जा रहा था, जिससे वह लंबे समय से असंतुष्ट थीं। गौरतलब है कि डॉ. सीमा साहू कांग्रेस के टिकट पर वीआईपी नगर (वार्ड क्रमांक 28) से पार्षद चुनी गई थीं। महापौर पद अन्य पिछड़ा वर्ग (महिला) के लिए आरक्षित होने के कारण उन्हें इस पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था। उनके पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू से पारिवारिक संबंध को देखते हुए भी कांग्रेस में उन्हें मजबूत दावेदार माना गया था। लेकिन पार्टी ने अंततः शशि सिन्हा को प्रत्याशी घोषित कर महापौर बनाया, जिससे डॉ. साहू और उनके समर्थकों में असंतोष गहराता गया। डॉ. साहू ने आरोप लगाया कि महापौर शशि सिन्हा द्वारा निगम संचालन में पारदर्शिता और समन्वय की कमी रही है, जिसके चलते कई पार्षद पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि विकास की राजनीति और पारदर्शी नेतृत्व को देखते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का साथ चुना है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 जून 2025