अगरतला,(ईएमएस)। बीते कई दिनों से लापता युवक का शव एक आईसक्रीम फीजर में रखे ट्रॉली बैग में मिला। शव देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से गायब हुआ युवक का धलाई जिले के गंदाचेरा बाजार में आइसक्रीम फ्रीजर के अंदर एक ट्रॉली बैग में लापता युवक का शव बरामद किया है। इस हत्या के लिए एक डॉक्टर और उसके माता-पिता समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित की पहचान अगरतला स्मार्ट सिटी मिशन परियोजना में काम करने वाले इलेक्ट्रीशियन सरीफुल इस्लाम (28) के रूप में हुई है। वह 8 जून की शाम से लापता था। सीनियर पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या की वजह सरीफुल नामक महिला और मुख्य आरोपी डॉ दिबाकर साहा (28) के बीच प्रेम संबंध है। इसमें शामिल महिला कथित तौर पर दिबाकर की चचेरी बहन है। पश्चिम त्रिपुरा जिला के एसपी डॉ किरण कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़ित और महिला के बीच प्रेम संबंध है, जो दिबाकर की चचेरी बहन भी है। हत्या के पीछे प्रेम त्रिकोण ही मकसद लगता है। पुलिस द्वारा की गई जांच में भयावह तस्वीर उभर कर सामने आई है। आठ जून 2025 की शाम को दिबाकर ने कथित तौर पर सरीफुल को उपहार देने के बहाने अगरतला के दक्षिण इंद्रनगर कबरखाला इलाके में अपने एक साथी जॉयदीप दास (20) के घर बुलाया। वहां पहुंचने पर जॉयदीप दास, अनिमेष यादव (21) और नवनीता दास (25) की मदद से दिबाकर ने सरीफुल पर घात लगाकर हमला किया। इलेक्ट्रीशियन की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसके बाद उसके शव को एक ट्रॉली बैग में पैक किया गया, जिसे दिबाकर ने दो दिन पहले ही खरीदा था। दिबाकर के माता-पिता दीपक साहा (52) और देबिका साहा (48) अगली सुबह गंदाचेरा से अगरतला गए। उन्होंने कथित तौर पर सरीफुल के शव वाले ट्रॉली बैग को अपने गृहनगर वापस ले गए। फिर लाश को गंदाचेरा बाजार में उनकी दुकान में एक आइसक्रीम फ्रीजर के अंदर छिपा दिया गया। कई दिनों की गहन जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार रात को सभी छह आरोपियों (दिबाकर साहा, दीपक साहा, देबिका साहा, जॉयदीप दास, अनिमेष यादव और नवनीता दास) को गिरफ्तार कर लिया। वीरेंद्र/ईएमएस/12जून2025