नई दिल्ली (ईएमएस)। न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन पर नमो भारत ट्रेन के लिए यात्रियों को ज्यादा इंतजार करना होगा। एक ट्रेन निकलने पर दूसरी 30 मिनट बाद जाएगी। पहले यह अंतराल 15 मिनट का था। अब इस नए बदलाव से दिल्ली से मेरठ जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। उन्हें न्यू अशोक नगर और आनंद विहार स्टेशन पर ट्रेन के लिए पहले से दोगुना इंतजार करना होगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के अधिकारियों ने बताया कि रखरखाव कार्य के चलते ट्रेन परिचालन का अंतराल बढ़ाया गया है। अगला आदेश आने तक यही स्थिति रहेगी। लेकिन साहिबाबाद से मेरठ के बीच परिचालन पहले की तरह सामान्य रहेगा। नमो भारत ट्रेन परिचालन का अंतराल बढ़ने पर इंतजार के कारण लोगों को असुविधा होगी। एनसीआरटीसी के अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया गया दोनों स्टेशनों पर किस तरह का रखरखाव कार्य चल रहा है। ये दोनों नए स्टेशन हैं, जिनसे इसी साल पांच जून को ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/12/जून/2025