नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत को कोविड-19 महामारी से जूझते हुए एक अहम और सकारात्मक मोड़ मिला है। लंबे समय से संक्रमण के बढ़ते आंकड़ों के बीच पहली बार राहत की खबर आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 13 जून को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोविड के सक्रिय मामलों में गिरावट आई है। बीते 24 घंटे में जहां कुल 200 नए मामले सामने आए, वहीं 223 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से घर पहुंचे है। इससे भारत में सक्रिय मामलों की कुल संख्या घटकर 7131 हो गई है, जो एक सकारात्मक संकेत है। इससे पहले 12 जून को यह आंकड़ा 7154 था। राज्यवार आंकड़ों के हिसाब से गुजरात में सबसे अधिक 77 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद राजस्थान में 32, उत्तर प्रदेश में 24, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में 14-14, असम में 7, हरियाणा और झारखंड में 5-5, पुडुचेरी में 4, लद्दाख में 3, और ओडिशा में 1 मामला दर्ज हुआ है। हालांकि, कोरोना संक्रमण से होने वाली मौतों की संख्या अब भी चिंता का विषय बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, अब तक नए वैरिएंट से 78 मौतें हुई हैं। बीते 24 घंटे में केरल में 82 वर्षीय बुज़ुर्ग की मौत हुई है। इससे पहले के दिन 3 लोगों की जान गई थी, जिसमें से महाराष्ट्र में 2, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में 1-1 मौत हुई। अब तक सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र (21) और केरल (20) में दर्ज की गई हैं, जो दर्शाता है कि नए वैरिएंट का असर कुछ खास क्षेत्रों में अधिक है। आशीष दुबे / 13 जून 2025