क्षेत्रीय
14-Jun-2025
...


कांग्रेस बना रही पंचायत से संसद तक का मिशन गुना (ईएमएस)| कांग्रेस के सृजन अभियान के तहत शनिवार को राघौगढ़ में एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें एआईसीसी पर्यवेक्षक पूर्व सांसद अजमेर रघु शर्मा, पीसीसी पर्यवेक्षक और मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर, पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने शिरकत की। बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा की गई, जिसमें उनकी राय और सुझाव सुने गए। बैठक की शुरुआत में हाल ही में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में दिवंगत यात्रियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। खचाखच भरा प्रांगण इस दौरान प्रांगण कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा नजर आया। रघु शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी का फोकस पंचायत स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ता की आवाज़ प्रदेश और देश स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने राघौगढ़ के कार्यकर्ताओं को सौभाग्यशाली बताया कि उन्हें दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह जैसे अनुभवी नेता मिले हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अच्छा काम करने और पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया, साथ ही जयवर्धन सिंह के साथ उनके रिश्ते को चट्टान की तरह मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। रूट लेवल वर्कर की सक्रियता पर फोकस इस संबंध में मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने भी विस्तार से संगठन सृजन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी का लक्ष्य कांग्रेस के रूट लेवल वर्कर को सक्रिय करते हुए उन्हें अहम ज़िम्मेदारी सौंपना है। इसके बाद जयवर्धन सिंह ने कांग्रेस के स्वर्णिम अतीत को याद करते हुए इंदिरा गांधी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि कैसे इंदिरा गांधी ने अमेरिका के दबाव के बावजूद पाकिस्तान को पराजित कर बांग्लादेश का निर्माण किया। मोदी ने ट्रम्प की सुनी इंदिरा ने देश की जयवर्धन ने वर्तमान मोदी सरकार के कार्यकाल से इंदिरा गांधी की तुलना करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के फोन पर तत्काल युद्ध में राजीनामा कर लिया, जबकि इंदिरा गांधी ने देश के हित को सर्वोपरि रखा। जयवर्धन सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अंतर को घर-घर पहुंचाएं और जनता को कांग्रेस सरकार और वर्तमान सरकार के बीच के फर्क को समझाएं। जयवर्धन सिंह ने यह भी बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी दिनों में कांग्रेस के संगठन को हर वार्ड और पंचायत तक मजबूत करना है। प्रत्येक वार्ड-पंचायत में 20-25 की समिति घोषणा की गई कि प्रत्येक वार्ड और पंचायत में 20 से 25 लोगों की कांग्रेस समिति बनाई जाएगी, ताकि स्थानीय स्तर पर कांग्रेस के लिए सक्रिय रूप से काम करने वालों की आवाज बुलंद हो सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाजों को भी प्रतिनिधित्व देगी और इसी स्थिति को समझने के लिए पंचायत और वार्ड समिति का गठन कर रही है। जयवर्धन सिंह ने अंत में बताया कि सृजन अभियान का नेतृत्व स्वयं राहुल गांधी कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के जातिगत जनगणना के मुद्दे पर लगातार जोर देने की सराहना की, जिसके परिणामस्वरूप भाजपा को अंतत: इस मुद्दे पर राहुल गांधी के सामने झुकना पड़ा। यह दर्शाता है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। सीताराम नाटानी, 14 जून, 2025