नई दिल्ली,(ईएमएस)। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने रविवार को कांग्रेस की विदेश नीति और हाल की राजनीतिक प्रतिक्रियाओं पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा, कि कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान के झांसे में आ गई और बिना तथ्यों की पुष्टि किए पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर की अमेरिका यात्रा को लेकर भ्रम फैलाया। सांसद दुबे ने तंज कसते हुए कहा, कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग और जयराम रमेश में क्या फर्क है? उन्होंने कहा, कि कांग्रेस ने पढ़ना-लिखना छोड़ दिया है और अब वह बिना सत्यापन के किसी भी विदेशी प्रोपेगेंडा में फंस जाती है। दुबे ने दावा किया कि अमेरिकी व्हाइट हाउस या पेंटागन ने कभी भी असीम मुनीर को आमंत्रित नहीं किया। उन्होंने विदेश नीति पर कांग्रेस की भूमिका को भी आड़े हाथों लिया और ऐतिहासिक उदाहरणों का हवाला देते हुए कहा कि इंदिरा गांधी द्वारा कनाडा को खालिस्तानियों के खिलाफ चेतावनी देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही उन्होंने इजराइल-फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत के रुख का उल्लेख करते हुए नेहरू युग से लेकर मोदी सरकार तक की विदेश नीति की तुलना की। अंत में निशिकांत दुबे ने कांग्रेस की विदेश नीति को नेहरू-परिवार केंद्रित बताते हुए कहा कि देश आज तक उसकी कीमत चुका रहा है, जबकि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है। हिदायत/ईएमएस 15जून25