-सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो, यूजर ले रहे पाक के मजे करांची,(ईएमएस)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। ये वीडियो बलूचिस्तान इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि पाकिस्तानी सेना के जवान और बलूचिस्तान के प्रदर्शनकारी आमने-सामने खड़े हैं। दोनों तरफ से हालात तनावपूर्ण नजर आ रहे हैं। माहौल पूरी तरह बिगड़ा दिख रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों ओर से लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे हैं। सड़क पर हर तरफ पत्थर ही पत्थर पड़े हैं। कुछ लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं तो कई लोग खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। सेना के जवान ढाल और हेलमेट पहनकर प्रदर्शनकारियों से निपटने की कोशिश कर रहे हैं। इस वायरल हुए लाइव वीडियो की पुष्टि हम नहीं करते हैं। बलूचिस्तान में अक्सर पाकिस्तानी सेना और वहां के स्थानीय लोगों के बीच तनाव की खबरें आती रहती हैं। इस बार भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। अभी तक इस झड़प में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि वहां माहौल कितना खराब है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को तेजी से शेयर कर रहे हैं। कुछ लोग सेना की सख्ती पर सवाल उठा रहे हैं तो कुछ प्रदर्शनकारियों के तेवर को लेकर चिंता जता रहे हैं। कुल मिलाकर बलूचिस्तान एक बार फिर तनाव के कारण सुर्खियों में आ गया है। बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन सबसे कम आबादी वाला इलाका है। यहां बलूच जाति के लोग रहते हैं। ये लोग लंबे समय से पाकिस्तान सरकार से नाराज हैं। बलूचिस्तान के पास बहुत सारे प्राकृतिक संसाधन हैं जैसे गैस, खनिज, सोना और दूसरी कीमती चीजें, लेकिन वहां के लोगों का आरोप है कि इन चीजों से जो पैसा आता है, वह इस इलाके के लोगों पर खर्च नहीं होता है। सरकार ये पैसा बाकी हिस्सों में खर्च कर देती है. इससे वहां के लोग खुद को गरीब महसूस करते हैं। सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा...पाकिस्तान के जल्द टुकड़े होने वाले हैं। एक और यूजर ने लिखा...गरीबों को मत सताओ. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा...ये हो क्या रहा है दुनिया में। सिराज/ईएमएस 16जून25