16-Jun-2025
...


पीएम मोदी ने कहा, ये 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान निकोसिया,(ईएमएस)। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साइप्रस दौरे का सोमवार को दूसरा दिन है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय से सम्मानित किया। पीएम मोदी ने कहा, राष्ट्रपति सम्मान के लिए मैं आपका, साइप्रस सरकार का और साइप्रस के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सिर्फ मोदी का ही नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है, यह उनकी क्षमताओं और आकांक्षाओं का सम्मान है। यह हमारी संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुम्बकम की विचारधारा पर चलती है। इसके पहले पीएम मोदी का प्रेसिडेंशियल पैलेस में स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बैठक हुई। अब मोदी जी 7 समिट में हिस्सा लेने के लिए कनाडा रवाना हो जाएंगे। पीएम मोदी रविवार को साइप्रस पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर रेड कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत हुआ। इसके बाद उन्होंने भारतीय समुदाय से मुलाकात की। फिर रात में स्टेट डिनर किया। भारत-साइप्रस सीईओ फोरम को संबोधित कर पीएम मोदी ने कहा, बीते एक दशक में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और बहुत निकट भविष्य में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। साइप्रस लंबे समय से भारत का भरोसेमंद साझेदार रहा है और यहां से भारत में काफी निवेश हुआ है। कई भारतीय कंपनियां भी साइप्रस आई हैं और एक ओर से साइप्रस को यूरोप के प्रवेश द्वार कहा जाता है। आज आपसी व्यापार 150 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया है। मोदी साइप्रस जाने वाले तीसरे भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इसके पहले 1983 में इंदिरा गांधी और 2002 में अटल बिहारी वाजपेयी ने देश का दौरा किया था। भारत और साइप्रस के कूटनीतिक रिश्ते हमेशा मजबूत रहे हैं, लेकिन इतने उच्चस्तरीय दौरे बहुत कम हुए हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 2018 में और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 2022 में साइप्रस का दौरा किया था। आशीष दुबे / 16 जून 2025