लंदन (ईएमएस)। यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने देश की इंटेलिजेंस सर्विस (एमआई6) के लिए पहली बार एक महिला प्रमुख की नियुक्ति की घोषणा की है। ब्लेज मेट्रेवेली यूके के 116 साल के इतिहास में पहली महिला हैं जो यह भूमिका निभाएंगी। मेट्रेवेली 1999 में एमआई 6 में शामिल हुई थीं और इस साल के अंत में सर रिचर्ड मूर की जगह लेंगी। पीएम ने नियुक्ति को ऐतिहासिक बताकर कहा कि हमारी खुफिया सेवाओं का काम पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। एमआई6 का काम विदेशों से खुफिया जानकारी इकट्ठा करना है ताकि यूके की सुरक्षा बढ़ाई जा सके। इसका मकसद आतंकवाद को रोकना, शत्रु देशों की गतिविधियों पर नजर रखना और साइबर सुरक्षा को मजबूत करना है। एमआई6 के प्रमुख को आमतौर पर सी कहा जाता है। आशीष दुबे / 16 जून 2025