17-Jun-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के मौसम का मिजाज बदल गया है। बारिश के बाद से मौसम में ठंडक बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए अगले 6 दिन और आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही राजस्थान में भी आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। यही नहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश में भी बारिश हो सकती है। दिल्ली का मौसम सुहाना बना हुआ है। भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। हालांकि सोमवार को धूप खिली। लेकिन मौसम में ठंडक बनी रही और पसीने छुड़ाने वाली गर्मी से लोगों को निजात मिली है। मौसम विभाग ने अब अगले 3 दिनों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट दिल्ली के लिए जारी किया है। दिल्ली के साथ-साथ देश के कई और इलाकों में बारिश की संभावना है। रविवार को हुई बारिश के बाद से दिल्ली के तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 20 जून तक दिल्ली का मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। हालांकि 21 जून से फिर दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। 17 से 20 जून के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, कर्नाटक में कुछ जगहों पर आंधी के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल में भी भारी बारिश का अलर्ट है। 17 से 22 जून के बीच गुजरात, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा में ज्यादातर स्थानों पर बारिश होने और बिजली कड़कने की संभावना है। 17 जून को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज, बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं अगले तीन दिन मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा में भी तेज बारिश का अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है। 17 से 22 जून के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं। 17 जून को राजस्थान में भी बारिश होने की संभावना है। 17 से 22 जून के दौरान उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा में भी बारिश की संभावना है। यही नहीं आज पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना है। इसके अलावा सोमवार को असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिली। बारिश के बाद असम और मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मुजफ्फराबाद, पूर्वी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने 17 जून को झारखंड, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर सामान्य से काफी ऊपर (3.1 डिग्री सेल्सियस से 5.0 डिग्री सेल्सियस) तापमान रहने का अनुमान जारी किया है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/17/जून/2025