:: जल संसाधन मंत्री सिलावट की पहल पर वरिष्ठ स्तरीय बैठक में निर्णय :: इन्दौर (ईएमएस)। इन्दौर में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, विशेष रूप से फ्लायओवरों के कार्य में आ रही Fly Ash आपूर्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आज जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर और अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई के साथ उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की। इस बैठक में सिलावट द्वारा इन्दौर क्षेत्र के निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग कार्यों—जैसे तेजाजीनगर से बलवाड़ा, इन्दौर से हरदा और इन्दौर–देवास बायपास पर बन रहे अर्जुन बरोदा, झलारिया, एम आर टेन जक्शन, रालामंडल आदि फ्लायओवर में Fly Ash की अचानक आपूर्ति बंद किए जाने से उत्पन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया गया। यह समस्या श्री सिंघाजी थर्मल पॉवर प्रोजेक्ट मूंदी द्वारा आपूर्ति रोके जाने के कारण उत्पन्न हुई थी, जिससे निर्माण कार्य बाधित हो रहे थे और भारी परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा था। सिलावट के अनुरोध पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने तत्परता दिखाते हुए Fly Ash की आपूर्ति फिर से प्रारंभ करने के स्पष्ट निर्देश दिए और यह आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य में अब किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में ऐसी आपूर्ति सतत बनी रहे, इसके लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस विषय में जल संसाधन मंत्री द्वारा लिखित पत्र भी ऊर्जा विभाग को प्रेषित किया गया था, जिसमें स्थानीय परियोजनाओं की संवेदनशीलता और समयबद्धता का विशेष उल्लेख किया गया था। इस संबंध में कलेक्टर आशीष सिंह ने भी वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर Fly Ash की आपूर्ति सतत जारी रखने हेतु अनुरोध किया गया था। इस निर्णय से इन्दौर में चल रहे प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को गति मिलेगी और समयसीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने में सहायता मिलेगी। बैठक में ऊर्जा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव नीरज मण्डलोई, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी एस. के. सिंह एवं परियोजना निदेशक पीआईयू-इन्दौर सुमेश बंसल एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे। बैठक में मंत्रियों तथा अपर मुख्य सचिव को क्षेत्रीय अधिकारी एनएचएआई-भोपाल एस. के. सिंह एवं परियोजना निदेशक एनएचएआई पीआईयू-इन्दौर सुमेश बंसल द्वारा परियोजनाओ की पूर्णता हेतु फ्लाई ऐश की आपूर्ति के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान समय में इन्दौर क्षेत्र में तीव्र शहरी विकास हुआ है, जिसके कारण अंडरपास/फ्लाईओवर/पुलों के एप्रोच कार्यों के लिए आवश्यक मिट्टी/भराव सामग्री की उपलब्धता अत्यंत कठिन हो गई है और ऐसी स्थिति में फ्लाई ऐश इन परियोजनाओं के लिए एक अत्यंत आवश्यक सामग्री बन गई है। साथ ही अवगत कराया गया कि, वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ से पूर्व, परियोजनाओं की पूर्णता हेतु पॉन्ड/फ्लाई ऐश की आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है। बैठक में इस विषय पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, जिसके उपरांत ऊर्जा मंत्री द्वारा यह निर्णय लिया गया कि एनएचएआई पीआईयू-इन्दौर के अंतर्गत निम्नलिखित परियोजनाओं को तत्काल 10 लाख घन मीटर पॉन्ड/फ्लाई ऐश उपलब्ध कराई जाएगी। 1- रालामंडल पर फ्लाईओवर 2- एम.आर.-10/बेस्ट प्राइस पर फ्लाईओवर 3- अर्जुन बड़ोद पर फ्लाईओवर 4- रसालपुर पर फ्लाईओवर 5- इन्दौर-हरदा चार लेन परियोजना ऊर्जा मंत्री द्वारा यह भी आश्वस्त किया गया कि पॉन्ड/फ्लाई ऐश की आपूर्ति आगामी दो दिनों के भीतर प्रारंभ कर दी जाएगी, ताकि इन्दौर शहर के समुचित विकास में अहम योगदान वाली इन परियोजनाओ को जल्द से जल्द पूर्ण किया जा सके। उमेश/पीएम/17 जून 2025