क्षेत्रीय
18-Jun-2025


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में मानसून की बारिश लौटने के बाद मुंबई में भारी बारिश जारी है। रविवार रात से मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश हो रही है। हालांकि मंगलवार को बारिश में विराम लग गया, लेकिन अभी भी नियमित अंतराल पर भारी वर्षा हो रही है। इस भारी बारिश के कारण मुंबई की पहली झील भर गई है। मुंबई महानगरपालिका के अधिकार क्षेत्र में प्रमुख झीलों में से एक पवई झील बुधवार सुबह करीब 6 बजे भरने लगी। इस तालाव की भंडारण क्षमता 545 करोड़ लीटर (5.45 बिलियन लीटर) है। हालांकि यहां का पानी पीने योग्य नहीं है, लेकिन इसका उपयोग मुख्य रूप से औद्योगिक उद्देश्यों (एमआईडीसी) और आरे मिल्क कॉम्प्लेक्स में अन्य गैर-पीने योग्य उद्देश्यों के लिए किया जाता है। पिछले दो दिनों में लगातार भारी बारिश के कारण झील के जलग्रहण क्षेत्र में बड़ी मात्रा में पानी जमा होने से झील का स्तर अपनी पूरी क्षमता पर पहुंच गया है और जिसके कारण यह ओवरफ्लो होने लगी है। वर्तमान में झील का जल स्तर 195.10 फीट दर्ज किया गया है। यह मुंबईकरों के लिए राहत की बात है। मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाली अधिकांश झीलें शहर के बाहर हैं। पिछले कुछ दिनों से मुंबई के आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश जारी है। इसके कारण इन सभी झीलों में पानी का भंडारण बढ़ गया है। जून और जुलाई के महीने में होने वाली बारिश मुंबईकरों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। इन दो महीनों में होने वाली बारिश के कारण मुंबई की झीलें भरने की संभावना है। यह जल भंडारण मुंबईकरों के लिए पूरे साल के लिए पर्याप्त होता है। इसलिए, सभी को इस बात का इंतजार है कि बारिश के बाद मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाली सातों झीलें कब भर जाएंगी। स्वेता/संतोष झा- १८ जून/२०२५/ईएमएस